पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी के चलते उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर का प्रकोप आ गया है। पछुआ हवाओं के चलते गलन बढ़ गई है। बर्फीली हवाओं के चलते यूपी में रहने वाले लोग सिकुड़ रहे हैं। पूरे प्रदेश में ठंड के चलते 83 लोगों की मौत हो गई।

कई शहरों में तापमान 3 डिग्री के आसपास रहा

उत्तर प्रदेश के कई शहरों में बर्फीली पछुआ हवाओं के चलते शुक्रवार को तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। सुल्तानपुर और फुर्सतगंज 2.8 डिग्री पारे के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां का न्यूनतम पारा सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस कम रिकार्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में रात का पारा 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही यूपी के पश्चिमी इलाकों में भी घने कोहरे की दस्तक में सड़कों पर आ गई है। हाईवे पर वाहन दोपहर तक धीमी रफ्तार से ही हेड लाइट जलाकर चलते दिखे। प्रदेश में कई जिलों में पारा 5 डिग्री से कम रहा।

कहां कितना रहा तापमान

सुल्तानपुर-2.8
फुर्सतगंज-2.8
लखनऊ-3.0
बाराबंकी-3.4
बहराइच-3.7
कानपुर शहर-4.2
मुजफ्फरनगर-4.9
वाराणसी-5.0
मेरठ-5.0
कानपुर-5.0
लखीमपुर खीरी-5.0

अवध में ठंड से आधा दर्जन मौत

ठंड के चलते अवध के अलग-अलग जिलों में दो मासूम समेत छह लोगों की मौत हो गई। आंचलिक विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, सुल्तानपुर में न्यूनतम पारा 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लेकिन फैजाबाद कुमारगंज मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फैजाबाद, सुल्तानपुर का न्यूनतम तापमान 1. 5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं श्रावस्ती में पारा 2.4 डिग्री रहा।

बाराबंकी के हैदरगढ़ में सिंचाई के दौरान ठंड लगने से शुक्रवार सुबह राम किशोर रावत (40) की शरीर में ऐंठन के साथ सांसे थम गईं। वहीं जिले के टिकैतनगर में महेश (35) की भी ठंड से मौत हो गई। अंबेडकर नगर के अकबरपुर में 2 माह के मासूम ने भी सर्दी से दम तोड़ा। फैजाबाद के हरचंदपुर में जगदंबा प्रसाद यादव की भी मौत हो गई। वहीं रायबरेली के मखदुमपुर में सुलई का शव झोपड़ी में पड़ा मिला। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर गांव में ठंड से शुरू हुई उल्टी दस्त ने नवजात की जान ले ली। ख़बरों में मुताबिक, यूपी में ठंड से अब तक 83 लोगों की मौत हो गई है।

लखनऊ में सर्दी की सबसे ठंडी रात

इस सर्दी में सबसे ठंडी रात लखनऊ की भी रही। यहां पारा 3 डिग्री सेल्सियर रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम पारा सामान्य से 9 डिग्री कम 11.7 रिकॉर्ड किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अगले चार-पांच दिन भीषण ठंड रहेगी।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें