2019 के लोकसभा चुनावों की सभी पार्टियों ने तैयारी शुरू कर दी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बसपा के साथ गठबंधन कर लोकसभा चुनावों में मोदी लहर को रोकने की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने भाषणों में भाजपा पर 1 साल में जनता के लिए कोई काम न करने का आरोप लगते हुए दिखाई दे रहे हैं तो वहीँ दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के विधायक इन दिनों अपने क्षेत्र से लापता चल रहे हैं जिससे जनता ने उनकी खोज खबर शुरू कर दी है।

क्षेत्र से गायब हैं सपा विधायक :

उत्तर प्रदेश की मछलीशहर विधानसभा के सपा विधायक और अखिलेश सरकार के पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर का चुनाव जीतने के बाद से कोई पता नहीं चल रहा है। मछलीशहर विधान सभा की आम जनता ने उन्हें अपना वोट देकर चुनाव जितवाया था। क्षेत्र की आम जनता का दावा है कि विधायक जी विधानसभा चुनाव बाद से लापता हो गए हैं। जनता का कहना है कि विधायक जी को ढूंढकर लाने वाले को उचित पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा। योगी सरकार पिछले 19 मार्च को अपना एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर अपनी उपलब्धियां गिना रही है तो वहीँ सपा ने सरकार पर हमला करना शुरू कर दिया है। मगर सपा के विधायक का अपने ही क्षेत्र की जनता से संबंध न रखना चर्चा का विषय बन गया है।

सपा देख रही लोकसभा सीट जीतने के सपने :

मछलीशहर विधानसभा की आम जनता से सपा विधायक जगदीश सोनकर ने दूरी बना ली है। अगले साल 2019 का लोकसभा चुनाव होना है और समाजवादी पार्टी मछलीशहर लोक सभा की सीट को भाजपा से जीतने का ख्वाब देख रही है मगर उसके अपने ही विधायक का ऐसा बर्ताव पार्टी की उम्मीदों पर पानी फेरता हुआ दिख रहा है। वहीँ भाजपा सांसद से भी क्षेत्र की जनता का मोह काफी हद तक भंग हो गया है जिसका फायदा मुख्य विपक्षी दल सपा को मिल सकता है।मगर वह कितना फायदा उठा पाती है,  ये देखना दिलचस्प होगा।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें