2019 के लोकसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी पूरी तैयारी के साथ उतरने की तैयारी कर रही है। सपा परिवार से इस बार कई सदस्यों के चुनाव लड़ने की संभावनाएं हैं। इनमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव का नाम तो चुनाव लड़ने के लिए तय है। इसके अलावा सपा के वर्तमान सांसद धर्मेंद्र यादव और अक्षय यादव का भी नाम लगभग तय है। इसके अलावा सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव भी संभल से चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं। हालाँकि वे ये भी कह चुके हैं कि अगर सपा ने टिकट दिया तभी चुनाव लडूंगा। ऐसी स्थिति में रामगोपाल के विकल्प के तौर पर बड़े नेता का नाम सामने आ रहा है।

लोकसभा चुनाव लड़ने पर बोले सपा नेता :

सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव ने अपने लोकसभा चुनाव लड़ने और गठबंधन से संबंधित को लेकर मीडिया के कई सवालों के जवाब दिए। लखनऊ में सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के बाद उन्होंने कहा था कि अगर पार्टी फैसला करेगी तो संभल से चुनाव लड़ूंगा। इसके आगे उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो नहीं लड़ूंगा। इसके साथ ही बैठक में एक बात तो तय हो ही गई है कि सपा गठबंधन कर चुनाव लड़ेगी जिस पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव फैसला करेंगे।

राज्य सभा सांसद को मिल सकता है मौका :

समाजवादी पार्टी मुरादाबाद के पूर्व ज़िला अध्यक्ष एंव राज्यसभा सांसद जावेद अली खान को पार्टी ने समाजवादी संसदीय पार्टी का सचेतक नियुक्त किया है। जावेद अली खान को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव का बेहद करीबी माना जाता हैं। वे पिछले 15 वर्षों से राष्ट्रीय कार्यकारणी में भी जगह बनाये हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, रामगोपाल यादव ने संभल से चुनाव न लड़ने का फैसला किया तो जावेद अली यहाँ से सपा प्रत्याशी भी हो सकते हैं। हालाँकि इस बारे में कोई भी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें