भाजपा मुंबई युवा मोर्चा के अध्यक्ष गणेश पांडेय पर महिला कार्यकर्ता के साथ छेड़खानी और अश्लील हरकत करने के आरोप लगे हैं। पीड़ित महिला कार्यकर्ता की शिकायत पर आरोपी गणेश से पार्टी ने इस्तीफ़ा ले लिया है। यह घटना 4, मार्च की है।

Ganesh Pandey

 

क्या है पूरा मामला:

अंग्रेजी वेबसाइट डीएनए के मुताबिक चार मार्च को उत्तर प्रदेश के मथुरा में हुई भाजपा कार्यकारिणी की बैठक के दौरान महिला कार्यकर्ता के साथ अश्लील हरकत हुई थी। पीड़ित महिला ने बताया की जब वह कार्यकारिणी में परफॉर्मेंस के लिए रिहर्सल कर रही थी, तभी भाजपा नेता गणेश पांडेय ने उसे अपने कमरे में बुलाया। जहाँ आरोपी नेता कुछ अन्य लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। महिला ने बताया की शराब के नशे में पांडेय ने उससे अभद्र सवाल पूछे, इसके अलावा पांडेय ने महिला कार्यकर्ता पर गन्दी फब्तियां भी कसी। उसके बाद जब पीड़ित महिला कमरे से बाहर जाने लगी तो उसका हाथ पकड़कर रोकने की कोशिश की। महिला कार्यकर्ता ने इसकी शिकायत पार्टी में की तो आरोपी गणेश पांडेय से इस्तीफा मांग लिया गया। साथ ही शहर की युवा मोर्चा यूनिट को भी भंग कर दिया गया है।

आरोपी नेता ने कहा ‘आरोप बेबुनियाद’:

आरोपी नेता पांडेय ने खुद पर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि मैंने अपना इस्तीफा सौंपकर एक विस्तृत जांच की मांग की है, अगर मैं दोषी नहीं पाया गया तो संबंधित महिला पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

पीड़ित के पत्र के मुताबिक,  रिपोर्ट कहती है कि पांडेय और उनके दोस्तों ने महिला का कथित रूप से उनके कमरे तक पीछा किया और जब वह कमरे में नहीं घुस पाए तो दरवाजे पर जोर जोर से दस्तक भी दी। पांडेय ने अपने साथियों के साथ कथित रूप से दरवाजे पर पॉर्न वीडियो भी चलाया वह भी तेज आवाज में। पत्र में महिला ने लिखा है कि ‘पांडेय ने उन्हें धमकाया कि वह उन्हें छुएंगे और वह परवाह नहीं करते अगर बाद में उनपर केस भी कर दिया जाए’।

इस पूरे विवाद के बीच, पार्टी ने इस मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है। महिला ने किसी तरह की पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई है और पार्टी द्वारा की गई कार्रवाई पर संतुष्टि जाहिर की है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें