फतेहपुर सीकरी: पूरी दुनिया में मोहब्बत की नगरी के नाम से मशहूर आगरा जिले के फतेहपुर सीकरी में किसी सिरफिरे ने विदेशी पर्यटकों का स्वागत करने की बजाय उन पर पत्थर बरसाकर घायल कर दिया। मुगल राजधानी रही सीकरी में विदेशी युगल पर हमले के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने प्रदेश सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। अज्ञात व्यक्ति के हमले में स्विट्जरलैंड से आए क्वांटम क्लार्क और मैरी ड्राग गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया।आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के बाद क्वांटम को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- खून से लथपथ विदेशी पर्यटकों का वीडियो बनाते रहे राहगीर
- जानकारी के मुताबिक, पिछले महीने 30 सितंबर को अपनी गर्लफ्रेंड मेरी द्रोज के साथ भारत आए क्यून्टीन जेर्मी क्लॉर्क भारत घूमने आये हैं।
- घटना रविवार के दोपहर करीब एक बजे की है।
- स्विट्जरलैंड के लोसने निवासी क्वांटम क्लार्क और उनकी मित्र मैरी ड्राग फतेहपुर सीकरी पहुंचे थे।
- वह स्मारक देखने के बाद कस्बे से होते हुए तेरहा दरवाजे के नजदीक अरावली पहाड़ियों की तरफ चले गए।
- वह पहाड़ी पर घूम ही रहे थे कि किसी सिरफिरे व्यक्ति ने उन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।
- जिससे क्वांटम के सिर और कान के पास चोट लगी, जबकि मैरी के हाथ में चोट आई।
- चोटिल पर्यटकों ने इसकी जानकारी क्षेत्रीय लोगों को दी तो उन्होंने घटनाक्रम से पुलिस को अवगत कराया।
- इसके बाद थाना पुलिस उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची।
- यहां उनका उपचार किया गया।
- क्वांटम ने डॉ. पीयूष अग्रवाल से एक कान से सुनाई नहीं देने की बात कही।
- इसके बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
- क्वांटम की चोट गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली गेट स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- एसओ फतेहपुर सीकरी प्रदीप कुमार ने बताया कि विदेशी पर्यटकों की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
- प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो घटना के दौरान विदेशी पर्यटक खून से लथपथ पड़े रहे लेकिन राहगीर उनका वीडियो बनाते रहे।