युद्ध प्रभावित दक्षिण सूडान की राजधानी जुबा  के गृहयुद्ध में फंसे भारतीयों के लिए शुरू किये गये ‘ऑपरेशन संकटमोचन’ ने अपना पहला पड़ाव पार कर लिया है। 156 लोगों को लेकर भारतीय वायु सेना का विमान सी-17 शुक्रवार सुबह 4.30 बजे दक्षिण सूडान से त्रिवेंद्रम पहुंचा है। हिंसा की वजह से इन लोगों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें 2 नेपाली नागरिक शामिल हैं। भारत लौटे कुल 156 लोगों में 10 महिलाएं और 3 बच्चे भी हैं। वहीं अब दूसरी फ्लाइट के सुबह 11 बजे आने की संभावनाएं बताई जा रहीं हैं।

  • दक्षिण सूडान से यहां आया विमान कुछ देर के लिए जब हवाईअड्डे पर उतरा तो उसमें से केरल तथा तमिलनाडु के कुछ लोग उतरे इसके बाद विमान दिल्ली के लिए रवाना हो गया।
  • यात्रियों के साथ आए विदेश राज्य मंत्री वी के सिंह ने हवाईअड्डे पर संवाददाताओं को बताया कि 156 लोगों को वहां से निकाला गया है।
  • मालूम हो कि सरकार ने ऑपरेशन संकटमोचन की कमान जनरल वीके सिंह को ही दी है।
  • दक्षिण सूडान की राजधानी जुबा  में गृहयुद्ध चल रहा है, जहां 600 से अधिक भारतीय हैं तथा 150 भारतीय उन जगहों पर हैं जहां तेल के कुएं स्थित हैं।
  • इससे पहले गुरूवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दे दी थी।

सूडान में जारी है संघर्षः

  • जूबा शहर के कई हिस्सों में पूर्व विद्रोही और सैनिकों के बीच भारी संघर्ष चल रहा है, विदेश मंत्रालय के अनुसार दक्षिण सूडान में करीब 600 भारतीय हैं।
  • आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अभी तक करीब 300 भारतीयों ने वहां से निकाले जाने के लिए भारतीय दूतावास में पंजीकरण कराया है।
UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें