त्रिपुरा में भाजपा ने सीपीएम का 25 साल पुराना किला ढहाते हुए ऐतिहासिक जीत हासिल की है। अब बीजेपी ने राज्य में अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सरकार के गठन की तैयारी कर ली है। सूत्रों से मिल रही खबर के अनुसार, त्रिपुरा भाजपा के अध्यक्ष बिप्लब कुमार देब राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। मगर सरकार के शपथ ग्रहण समारोह और सीएम के शपथ लेने के पहले ही भाजपा त्रिपुरा राज्य में एक बड़ा बदलाव करने जा रही है जो निश्चित तौर पर सभी को हैरान कर देगा।

अगरतला एयरपोर्ट का बदलेगा नाम :

त्रिपुरा में अपना परचम लहराने के बाद अब बीजेपी अपनी सहयोगी पार्टियों को चुनाव में साथ देने के लिए शुक्रिया कहने की योजना बना रही है। इसके लिए भाजपा ने एक ख़ास और नायाब तरीका चुना है।  टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से मिल रही खबर के अनुसार, बीजेपी सरकार के गठन के बाद अगरतला एयरपोर्ट का नाम बदल दिया जायेगा। चर्चा है कि अगरतला एयरपोर्ट का नाम बदल कर अब महाराजा बीर बिक्रम सिंह के नाम पर रखा जाएगा। सरकार बनने के बाद ही बीजेपी विधानसभा के पहले सत्र में इसे पारित करने की तैयारी कर रही है। राजा बीर विक्रम किशोर देव बर्मन माणिक्य बहादुर आजादी से पहले त्रिपुरा के राजा हुआ करते थे। उनका राजवंश साल 1280 से त्रिपुरा में राज कर रहा है।

 

ये भी पढ़ें : मेघालय में बनी NDA की सरकार, कॉनराड संगमा ने ली CM पद की शपथ

राजा ने किये कई विकास कार्य :

उस दौरान रत्ना माणिक्य ने त्रिपुरा में राजवंश की स्थापना की थी। बीर विक्रम इस राजपरिवार की 185वीं पीढ़ी के अंश थे जो 1923 से मई 1947 तक त्रिपुरा के राजा रहे थे। बीर विक्रम ने त्रिपुरा में कई सारे शिक्षण संस्थान खोलने के साथ ही महाराजा बीर विक्रम कॉलेज, उमाकांत अकादमी, बोधजंग बॉयज हाई स्कूल, महारानी तुलसीबती गर्ल्स हाई स्कूल की स्थापना की थी जो आज भी राज्य के सबसे बेहतरीन शिक्षण संस्थानों में हैं। ऐसे में कहा जा सकता है कि बीर विक्रम की वजह से त्रिपुरा देश के सबसे ज्यादा शिक्षित राज्यों में एक बन चुका है। 2011 की जनगणना में भी त्रिपुरा की साक्षरता दर 94 फीसदी दर्ज की गई है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें