मोदी सरकार अपने करीब साढ़े 4 साल के कार्यकाल में आज पहली बार विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव का सामना कर रही है। हालाँकि संख्याबल की दृष्टि से पहले से मजबूत केंद्र सरकार को तमिलनाडु की अन्नाद्रमुक का समर्थन मिलने और बीजेडी-टीआरएस के मतदान से दूर रहने के फैसले से शक्ति परीक्षण का तिलिस्म खत्म हो गया है। इस बीच संसद में बोलते हुए सभी पार्टियों के नेताओं ने जमकर मोदी सरकार पर हमला बोला। इसके साथ ही सपा संरक्षक और आजमगढ़ से सांसद मुलायम सिंह यादव लंबे समय बाद अपने रंग में नजर आये।

बीजेपी पर बोला हमला :

संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी के संरक्षक और आजमगढ़ से सपा सांसद मुलायम सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। सपा सांसद मुलायम सिंह यादव ने कहा कि आपकी सरकार में बैठे लोगों को नहीं पता है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री वहां क्या क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को देश से 3 समस्याओं को दूर करनी होगी वर्ना जनता ये बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि किसान, युवा और व्यापारियों की दिक्कतों को दूर करने पर जोर देना चाहिए। इसके साथ ही सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने संसद में काफी मजाकिया माहौल बनाया जिससे मौजूद सभी सदस्य काफी खुश दिखाई दिए।

अमेरिका का दिया उदाहरण :

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कहा कि अमेरिका एक समय बहुत गरीब देश था लेकिन उसने अपने किसानों को मौका दिया और उनका घाटा नहीं होने दिया था। अपने किसानों को मौका देकर ही अमेरिका आज आगे पहुंचा है। हिंदुस्तान का किसान सबसे ज्यादा मेहनती है। इसके बावजूद पैसे के अभाव में लोगों की जान जा रही है। खाद, बीज, सिंचाई सबकुछ महंगा हो गया है। बीजेपी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कैराना, फूलपुर, गोरखपुर लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी जीत गई। यही तो जनता का संदेश है। मुलायम सिंह यादव ने अंत में कहा कि मैं यही बताना चाहता हूं कि देश का किसान, बेरोजगार और व्यापारी बहुत परेशान है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें