2019 के लोकसभा चुनावों की समाजवादी पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद कन्नौज से इस बार के लोकसभा चुनाव में किस्मत आजमाने की तैयारी कर रहे हैं तो वहीँ सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने भी सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को उनके गढ़ में घेरने की तैयारी कर ली है। इसके लिए भाजपा की तरफ से एक बड़े चेहरे के चुनाव मैदान में उतरने की खबरें आ रही हैं।

भाजपा के महामंत्री ने की प्रेस कांफ्रेंस :

मैनपुरी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश ने कहा कि सपा-बसपा का गठबंधन ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है। मैनपुरी लोकसभा सीट इस बार बूथ की मजबूती से भाजपा जीतेगी। केंद्र और प्रदेश सरकार की सबका साथ सबका विकास नीति का समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। भाजपा पदाधिकारियों की ट्रांजिस्ट हॉस्टल में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक हुई। राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन ने कहा कि गैर कांग्रेसी दलों की असलियत जनता जान चुकी है। भाजपा की नीतियों का सभी को बिना भेदभाव के लाभ मिल रहा है। ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने कहा विधानसभा, निकाय, सहकारिता के बाद अब भाजपा लोकसभा सीट जीतने का लक्ष्य बना चुकी है। कार्यकर्ताओं की दम पर ही लोकसभा सीट जीतकर सपा का तिलस्म तोड़ दिया जाएगा

किसी बड़े चेहरे को बनायेगी प्रत्याशी :

भाजपा जानती है कि स्थानीय नेता में शायद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का मुकाबला करने की हिम्मत न हो। यही कारण है कि भाजपा किसी बड़े चेहरे की तलाश में है जो मुलायम सिंह यादव को उनके गढ़ में टक्कर दे सके। पिछले कई सालों से मैनपुरी सीट पर सपा परिवार का कब्जा बना हुआ है। ऐसे में सपा और मुलायम के तिलिस्म को तोड़ना भाजपा के लिए किसी मायने में आसान नहीं होगा। 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर के बाद भी मैनपुरी में मुलायम सिंह यादव की साईकिल चली थी। मुलायम ने मैनपुरी के साथ ही आजमगढ़ से चुनाव जीता था।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें