2019 के लोकसभा चुनावों के पहले समाजवादी पार्टी ने भाजपा में सेंध लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। सपा लगातार भाजपा के कई नाराज नेताओं के सम्पर्क में है जिससे उनका इस्तेमाल लोकसभा चुनावों में मोदी लहर को रोकने में किया जा सके। भाजपा भी पिछले चुनावों में उत्तर प्रदेश की 71 लोकसभा सीटों पर जीती थी। इस संख्या को बढ़ाने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह खुद उत्तर प्रदेश के दौरे कर रहे हैं। इस बीच सपा ने भाजपा को बड़ा झटका देते हुए दिग्गज नेता को पार्टी में शामिल कराया है।

भाजपा महामंत्री ने ज्वाइन की सपा :

2019 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी को चुनावों से पहले करारा झटका लगा है। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के भाजपा निगोही मंडल के महामंत्री संतोष मौर्या ने अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उनका फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। भाजपा एक ओर जहाँ उत्तर प्रदेश की पिछड़ी जातियों को अपने पाले में करने की योजनायें बना रही है तो वहीँ दूसरी तरफ कई बड़े पिछड़ी जाति के नेता पार्टी छोड़कर सपा या अन्य दलों में जा रहे हैं। ऐसा स्थिति रही तो लोकसभा चुनावों में भाजपा के लिए बड़ी मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

भाजपा पर बोला हमला :

शाहजहांपुर में समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने भाजपा के निगोही मंडल के महामंत्री संतोष मौर्या को उनके समर्थकों सहित समाजवार्टी पार्टी में शामिल किया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भाजपा से आये हुए नेताओं का स्वागत किया। सपा नेता तनवीर ने कहा कि आने वाले समय में अब उत्तर प्रदेश व देश में सपा का राज आयेगा। सपा नेता तनवीर खां ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा सरकार से समाज के हर वर्ग के लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा देश व प्रदेश की स्थिति बहुत खराब है। इस समय हर वर्ग के लोग आंदोलन करके सरकार से न्याय मांग रहे हैं।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें