आज देश भर में रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। रामनवमी का त्यौहार प्रत्येक वर्ष चैत्र शुक्ल की नवमी तिथि को मनाया जाता है। हिंदु धर्म शास्त्रों के अनुसार आज के दिन ही भगवान श्री राम जी का जन्म हुआ था अतः रामनवमी का यह पर्व भारत देश में भगवान राम के प्रति आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है।

रामनवमी के दिन विशेष संयोगः

भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव वैसे तो बेहद शुभ समय होता है लेकिन, आज के इस शुभ दिन में कुछ और दुर्लभ संयोग भी बन रहे हैं। इस बार यह पावन पर्व 15 अप्रैल यानी आज के दिन है और आज के दिन ही पुष्य नक्षत्र के साथ-साथ बुधादित्य योग का विशेष संयोग भी बन रहा है। आज का ये मुहूर्त बेहद विशेष है क्योंकि आज सूर्य, बुध के साथ मिलकर बुधादित्य का योग बना रहा है। मान्यता है कि आज के दिन पवित्र नदियों में स्नान करके भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना करने से विशेष पुण्य मिलेगा। इस दिन विशेष वस्तु की खरीददारी, नए घर, दुकान या प्रतिष्ठान में प्रवेश किया जा सकता है। गृहप्रवेश और शुभ कार्यों के लिए यह विशेष संयोग लाभकारी सिद्ध होगा।

राम जन्म की मान्यताः

हिन्दु धर्म ग्रन्थों के अनुसार, त्रेतायुग में चैत्र शुक्ल की नवमी तिथि को धर्म की पुन: स्थापना के लिये भगवान विष्णु ने इस संसार में श्री राम के रुप में अवतार लिया था।

भगवान श्री राम का जन्म धरती पर राक्षसो के संहार के लिये हुआ था। त्रेता युग मे रावण के अनाचार को खत्म करने के लिये मर्यादा पुरुषोत्तम ‘श्रीराम’ के रुप में अवतरित हुये थे।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें