समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन करने के बाद अब 2019 में भाजपा को घेरने की तैयारी कर ली है। दोनों पार्टियों के बीच सीटों का बँटवारा एक बड़ा मुद्दा रहने वाला है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही कह चुके हैं कि भाजपा को रोकने के लिए हम बड़े से बड़ा त्याग करने को तैयार हैं। इसी क्रम में अब 2019 में मोदी सरकार को बनने से रोकने के लिए समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के बाहर भी अपने प्रत्याशियों को उतारने की तैयारी कर ली है।

अखिलेश कर रहे 2019 की तैयारी :

आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में समाजवादी पार्टी सबसे आगे चल रही है। अन्य पार्टियों ने जहाँ इसके लिए अब तक कोई ख़ास तैयारी नहीं की है तो वहीँ सपा ने तो लोकसभा चुनाव प्रत्याशियों के लिए आवेदन फॉर्म तक निकाल दिया है। वहीँ यूपी की फतेहपुर सीट से सपा ने सबसे पहले अपना प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह के मैनपुरी से लड़ने का ऐलान अखिलेश कर चुके हैं। भाजपा को उत्तर प्रदेश में घेरने के लिए अखिलेश यादव कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं और 2014 और 2017 के चुनाव में मिली हार का बदला लेना चाहते हैं।

झारखंड में चुनाव लड़ेगी सपा :

समाजवादी पार्टी ने 2019 में भाजपा को रोकने के लिए अब उत्तर प्रदेश से बाहर भी अपने प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ने ऐलान किया है कि आगामी 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को घेरने के लिए सपा अपने प्रत्याशी झारखण्ड में भी उतारेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भय, भूख और भ्रष्टाचार अपने चरम पर पहुँच चुका है। झारखण्ड के अलावा सपा अपने प्रत्याशी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी उतार सकती है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें