आगामी लोकसभा चुनाव के पहले समाजवादी पार्टी छोड़कर शिवपाल यादव ने सेक्युलर मोर्चा बना लिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव जहाँ एक ओर पार्टी को मजबूत करने में लगे हैं जिससे लोकसभा चुनावों में बीजेपी का मुकाबला किया जा सके लेकिन शिवपाल यादव का सेक्युलर मोर्चा सपा में सेंध लगाने का काम कर रहा है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के एक के बाद एक बड़े नेता पार्टी छोड़कर शिवपाल यादव का सेक्युलर मोर्चा ज्वाइन कर रहे हैं।

2 हिस्सों में बंट गयी सपा :

लोकसभा चुनावों के पहले सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी 2 भागों में बंट गयी है। इन दोनों भागों में अखिलेश यादव का पलड़ा भारी लग रहा है क्योंकि उनके साथ सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का समर्थन है जो पार्टी के संस्थापक हैं। इसके बाद भी शिवपाल यादव ने सपा में सेंध लगाना शुरू कर दिया है। सपा में किनारे और नजरअंदाज किये गए नेताओं के लिए शिवपाल यादव ने सेक्युलर मोर्चा बनाकर उन्हें उसमें शामिल कराना शुरू कर दिया है।

सपा नेता ने दिया इस्तीफ़ा :

शिवपाल सिंह यादव के समाजवादी सेकुलर मोर्चा का गठन करने के बाद से सपा नेता एक के बाद एक इस्तीफा देकर मोर्चा ज्वाइन कर रहे हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के युवा नेता धीरज पंडित ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी धीरज पंडित ने बताया कि पार्टी की खराब नीतियों के चलते उन्होंने पार्टी के पद से इस्तीफा दे दिया है। खबरें हैं कि धीरज पंडित ने लखनऊ में लोहिया ट्रस्ट में शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात के बाद ये फैसला किया। समाजवादी पार्टी के युवा नेता और पदाधिकारी धीरज पंडित युवा नेता नवनीत साहू और समर्थकों के साथ मिलकर शिवपाल यादव के समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा में जा सकते हैं। इसकी घोषणा 30 सितंबर को शिवपाल यादव के नगर आगमन पर संभव है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें