2019 के लोकसभा चुनावों की सभी पार्टियों ने तैयारी शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश में इस बार सपा और बसपा का गठबंधन बीजेपी के विजय रथ को रोकने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा गठबंधन में कई अन्य पार्टियों के भी शामिल होने की चर्चाएँ हैं जिसे लेकर मंथन शुरू हो चुका है। हालाँकि दोनों ही पार्टियों ने अभी तक सीट बंटवारे को लेकर अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इस बीच बसपा के प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा आजमगढ़ पहुंचे हुए थे जहाँ उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन पर बड़ा बयान दे दिया है।

आजमगढ़ पहुंचे बसपा प्रदेश अध्यक्ष :

उत्तर प्रदेश के अतरौलिया पहुंचे बसपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब भाजपा 55 पार्टियों के साथ सरकार चला सकती है तो हम सपा के साथ मिलकर सरकार क्यों नहीं चला सकते हैं। उन्होंने कहा कि रही बात सीटों के बंटवारे की तो उस पर फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। बसपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान से ये साफ़ है कि बसपा ज्यादा से ज्यादा सीटो पर अपने प्रत्याशी उतारना चाहेगी। सियासी गलियारो में खबरें हैं कि बसपा ने सपा से लगभग 40 सीटों की मांग की है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी कह चुके हैं कि बीजेपी को हराने के लिए कोई कुर्बानी देने को तैयार हैं।

बीजेपी पर बोला हमला :

मीडिया से बात करते हुए बसपा प्रदेश अध्यक्ष आरएस कु्शवाहा ने बताया कि वे 2019 के लोकसभा चुनाव के तैयारी के संदर्भ में संगठन की समीक्षा के लिए आजमगढ़ आए हैं। इसमें बूथ से लेकर सेक्टर, जोन तक की समीक्षा की जाएगी। सपा के साथ गठबंधन के भविष्य पर उन्होंने कहा कि यह आने वाली परिस्थितियां बताएंगी। आज भाजपा सरकार के बातों पर किसी को विश्वास नहीं रह गया। कालाधन, मजदूर, किसान, मंहगाई आदि बात करने वाली भाजपा के शासन में महंगाई चरम पर है। पेट्रोल, डीजल के दाम आसमान पर हैं। आज देश एवं प्रदेश में अपराध का ग्राफ सबसे ज्यादा बढ़ा है। भाजपा के रात्रि चौपाल पर उन्होंने कहा कि अधिकारी, कर्मचारी दिन में कार्यालयों में काम कर रहे हैं। रात में वह चौपाल में शामिल हो रहे हैं। ये सरकार अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ गलत व्यवहार कर रही है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें