राजधानी में गोमती नदी के दोनों किनारों को सुंदर बनाने के लिए चल रहे काम के तहत गोमती बैराज पर बना बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम का करीब 500 वर्गफीट का हिस्सा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे ढह गया था। हादसा गोमती रिवर फ्रंट के तहत अंडरपास बनाकर सड़क निकालने के लिए चल रही खोदाई के दौरान हुआ था। बताया जा रहा है कि मिट्टी धसकने से कंट्रोल रूम ढहा गया था। इस कारण गोमती बैराज से गुजरने वाला ट्रैफिक रोक दिया गया है। वाहनों के लोड को देखते हुए मरम्मत और खोदाई होने तक यहां से वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। कंट्रोल रूम ढहने से यहां लगे तीन एसी, ऑफिस का सामान, कुर्सी-मेज और अलमारियां भी मलबे में दब गए हैं।

flood control room

इस सम्बंध में रिवर फ्रंट के प्रभारी एक्सईएन रूप सिंह ने बताया कि अंडरपास और सड़क बनाने के लिए कंट्रोल रूम गिरेगा इसका कोई पता नहीं था। इसके लिए तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं। अंडरपास की खोदाई के साथ नीचे मिट्टी भरवाकर जल्द ट्रैफिक शुरू करवा दिया जाएगा। वहीं वहां कार्यरत कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इसके लिए सिचाई विभाग को पहले ही अवगत करा दिया गया था लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और घटना हो गई। इतना ही नहीं यहां सुरक्षा के भी कोई इंतजाम नहीं किये गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, बारिश में गोमती का जलस्तर बढ़ने पर इस कंट्रोल रूम के जरिए गोमती बैराज पर लगे फटक को बंद कर पानी का फ्लो रोका जाता था। इससे नदी का पानी गोमती नगर और विस्तार की तरफ नहीं बढ़ पाता है। कंट्रोल रूम करीब 40 वर्ष पहले बनाया गया था।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें