उत्तर प्रदेश में ठण्ड का कहर जोरों से देखने को मिल रहा है। ठण्ड के साथ कोहरे की चादर ने उत्तर प्रदेश को पूरी तरह ढँक लिया है। इस ठण्ड और गहरे कोहरे के कारण आये दिन कई दुर्घटनाएं भी सामने आ रही हैं। सड़कों पर घने कोहरे के कारण कार चालकों को कुछ दिखाई नहीं देता और वे दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। कुछ ऐसा ही घटना सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के करीबी नेता के साथ हो गयी है।

शादी में जा रहे थे सपा नेता :

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके विनोद कुमार सिंह उर्फ़ पंडित सिंह के पुत्र सूरज सिंह की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी है। एक शादी समारोह में शिरकत करने के लिए निकले सपा नेता की गाड़ी घने कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढ़े में जाकर गिर गयी। गनीमत ये रही कि कार में सवार सपा नेता सूरज सिंह और उनके समर्थकों को किसी तरह की चोटें नहीं आयी। हालाँकि उनके वाहन का काफी नुकसान हुआ है और वो क्षतिग्रस्त हो गया है।

पूर्व मंत्री के जन्मदिन में हुए थे शामिल :

बीते दिन समाजवादी पार्टी की सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके पंडित सिंह का जन्मदिन था। इसके लिए उनके गृहनगर गोंडा में जन्मदिन का समारोह आयोजित किया गया था। पूर्व मंत्री के जन्मदिन कार्यक्रम का पूरा आयोजन उनके बेटे सूरज सिंह ने किया था। देर शाम जन्मदिन कार्यक्रम खत्म होने के बाद सूरज सिंह कटरा बाजार में अलीम बाबू के लड़की की शादी में शामिल होने के लिए निकले थे। घने कोहरे के कारण रायपुर फ़क़ीर गांव पहुँचते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क से 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी। मौके पर पहुंचे डायल 100 ने सपा नेता और उनके सहयोगियों को बाहर निकाला। इस घटना के बाद लोगों को बाद में गोंडा पहुंचाया गया।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें