हरदोई में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा स्वतंत्रता दिवस

-सुबह से ही लोग सड़कों पर हाथों में तिरंगा लेकर देश भक्ति के नारे लगाते नजर आ रहे
-कलेक्ट्रेट में डीएम अविनाश कुमार ने झंडारोहण किया
-झंडारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ,महात्मा गांधी की प्रतिमा पर डीएम ने माल्यार्पण किया
-सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए जिसमें तमाम बच्चों ने प्रतिभाग किया

आज पूरा देश आजादी के जश्न में डूबा है। हर तरफ लोगों में देश के प्रति आजादी की खुशी में एक अलग उमंग और उत्साह देखते ही बन रहा है। हरदोई जनपद में भी सुबह से ही लोग सड़कों पर हाथों में तिरंगा लेकर देश भक्ति के नारे लगाते नजर आए। हर घर तिरंगा के तहत सभी घरों पर झंडे लगाए गए वहीं कलेक्ट्रेट में डीएम अविनाश कुमार ने झंडारोहण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वंदना त्रिवेदी नगर मजिस्ट्रेट सदानंद गुप्ता, उप जिलाधिकारी आशीष सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट स्वाति शुक्ला सहित तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

कलेक्ट्रेट में झंडारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित पार्क में राष्ट्र पिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। माल्यार्पण के बाद डीएम ने लोगों को संबोधित करते हुए देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर शुभकामनाएं दी। साथ ही यह देश कैसे आजाद हुआ, इसके बारे में पुराना इतिहास भी लोगों के साथ साझा किया। डीएम ने कहा कि सन् 1857 की क्रांति से देश में आजादी की ललक जागी थी। ऐसा नहीं है, उस वक्त सारे ही देशवासी आजादी के लिए एकजुट हो गए थे या सभी में आजादी के प्रति एकजुटता हो गई थी, बल्कि कुछ लोगों में ही यह ललक जगी। बाद में धीरे-धीरे जैसे जैसे लोग जागरूक होते गए, वैसे-वैसे देश को आजाद कराने के प्रति एक जुनून और हुजूम उमड़ पड़ा।कहा कि देश को आजाद कराने के लिए जहां महात्मा गांधी ने अहिंसा का रास्ता अपनाया। वहीं आक्रामक ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारी भी इस लड़ाई में अपना विशेष योगदान प्रस्तुत किए। कलेक्ट्रेट में डीएम के संबोधन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए, जिसमें तमाम बच्चों ने प्रतिभाग किया।

Report:- Manoj

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें