लोक निर्माण विभाग के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में “विकास के स्थायित्व में स्वयं सेवी संस्थाओं की भागीदारी” विषय पर ‘नेशनल अलाएंस फॉर स्वच्छ भारत’ स्वयं सेवी संगठन की ओर से बहु-हितभागी चर्चा/ विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भाग लिया। कर्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन कर मंत्रोच्चार के साथ किया गया। मुख्य अतिथि एवं मंचासीन गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत डा. संदीप शाही, राष्ट्रीय कन्वेनर, नेशनल अलाएंस फार स्वच्छ भारत एवं संस्था के अन्य पदाधिकारियों के द्वारा फल भेंट कर किया गया इस बीच वहाई युवा टीम द्वारा सर्व धर्म गीत भी प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद राजनाथ सिंह ने समाज के लिए अलग–अलग क्षेत्रों में अपना विशेष योगदान देने वाली संस्थाओं का उनके योगदान के लिए धन्यवाद तो दिया तो वहीं ये भी कहा कि एनजीओ में काम करने के लिए बड़ा मन चाहिये । ऐसी संस्थाएं सरकार का अभिन्न अंग है जो समाज के लिए कार्य कर रही है और यही कारण है कि आज वैश्विक पटल पर भारत का चरित्र समाजसेवी देश के रूप में इंगित होता है। इस दौरान कहा कि भारत दुनिया का ऐसा देश है जहां सभी वर्ग के लोग रहते है।

सामाजिक कार्य जन भागीदारी के बगैर संभव नहीं

अपने संबोधन में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सस्टेनबल डेवलपमेंट लक्ष्य को स्वयं सेवी संगठनों के माध्यम से ही उच्चतम स्तर पर ले जाया जा सकता है, लेकिन गंगा की सफाई या कोई और सामाजिक कार्य जन भागीदारी के बगैर संभव नहीं है। इसलिए आवश्यक है कि इस संस्थाओं के साथ जनता भी कदम से कदम मिलाये तभी स्वच्छ सुरक्षित विकसित समाज की परिकल्पना फलीभूत हो पायेगी। लखनऊ समेत अन्य जनपदों में संस्था के द्वारा किये जा रहे कार्यो के बारे में नेशनल अलाएंस फार स्वच्छ भारत के पदाधिकारी डा. भानु मल के द्वारा संक्षिप्त परिचय दिया गया। साथ ही साथ संस्था के प्रतिनिधि विभूति मिश्रा द्वारा भी संस्था एवं सहयोगी संस्थानों की विकास के स्थायित्व में भागीदारी पर प्रकाश डाला गया।

सैकड़ों स्वयंसेवी संगठन रहे मौजूद

कार्यक्रम में सैकड़ों स्वयं सेवी संगठनों के साथ विश्वविद्यालयो के प्राध्यापकों, समाज सेवियों, नीति निर्माताओं, विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों, मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ 500 से अधिक व्यक्तियों ने भाग लिया। इस दौरान कुछ प्रतिनिधियों के द्वारा विकास के स्थायित्व में भागीदारी पर अपने विचार भी प्रस्तुत किये गए। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री बृजेश पाठक तथा महेंद्र नाथ सिंह, सेवानिवृत न्यायमूर्ति कम्लेश्वरनाथ के साथ, लखनऊ भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा एवं लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस. पी. सिंह व आकांक्षा समिति के अध्यक्ष डा. प्रीति कुमार ने भी भाग लिया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सेवी संगठनों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का समापन संस्था के पदाधिकारी योगेश कुमार के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन तत्पश्चात राष्ट्रगान के साथ किया गया।

 ये भी पढ़ेंः गोरखपुर और फूलपुर उपचुनावों के परिणाम हमारे लिए अप्रत्याशित

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें