उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र की रहने वाली संगीता की नाक उसके पति ने सिर्फ इसलिए काट दी क्योंकि उसने उसके साथ ससुराल जाने से मना कर दिया। महिला की शिकायत करने पर पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामला दरगाह शरीफ थाना खेत्र के बख्शीपुरा का है। यहाँ रहने वाली संगीता का विवाह पांच साल पहले श्रावस्ती के छोटेलाल साहू से हुआ था। संगीता का कहना है कि शादी के बाद से उसके ससुराल वालों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया था, जिससे तंग आकर वह अपने मायके भाग आई थी। लेकिन उसका पति यहाँ पर भी आकर उसे परेशान करने लगा और वापस चलने के लिए दबाव डालने लगा। बुधवार की रात वह फिर उसके मायके आ गया और उसे वापस चलने के कहा। लेकिन संगीता ने उसके साथ वापस ससुराल चलने से मना कर दिया, जिससे तैश में आकर उसने संगीता पर हमला कर दिया और धारदार चाकू से उसकी नाक काट डाली। संगीता ने अपनी जान बचाने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया, जिस कारण वह वहाँ से भाग गया।

संगीता ने एसपी से एफआईआर दर्ज करने की अपील की है, हालांकि पुलिस ने शिकायत मिलने पर छोटेलाल को गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें