ढाई लाख का इनामी मिर्ची गैंग का सरगना आशु जाट मुंबई से गिरफ्तार।

मेरठ। पिछले साल एक ही रात में रेंज के तीन पेट्रोल पंपों में डकैती की वारदातों को अंजाम देकर सुर्खियों में आया मिर्ची गैंग का सरगना आशु जाट आखिरकार पुलिस के हाथ चढ़ गया। कड़ी मशक्कत के बाद ढाई लाख के इनामी आशु को मुंबई में दबोच लिया गया है।

बताते चलें वर्ष 2019 में मई के महीने में परतापुर स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर सफेद रंग की डस्टर कार में सवार बदमाशों ने पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इसी रात इन बदमाशों ने बुलंदशहर और गुलावठी में भी दो पेट्रोल पंपों को निशाना बनाया था। पुलिस की जांच में डकैती की इन वारदातों में मिर्ची गैंग का नाम सामने आया था। घटना के बाद से पुलिस मिर्ची गैंग के सरगना आशु जाट की तलाश में जुटी थी।

जिसके बाद पिछले 15 दिन से हापुड़ जनपद की पुलिस को आशु के मुंबई में होने का इनपुट मिला था। 15 दिन से आईजी प्रवीण कुमार के निर्देश पर हापुड़ और मेरठ पुलिस की टीम मुंबई में डेरा डाले हुए थीं। अधिकारियों के मुताबिक शनिवार को पुलिस ने मुंबई से मिर्ची गैंग के सरगना आशु जाट को गिरफ्तार कर लिया। बताते चलें आशु जाट पर यूपी पुलिस ने ढाई लाख का इनाम घोषित किया था।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें