समस्त केन्द्र प्रभारी कृषकों से हाईब्रिड व नान हाईब्रिड धान की खरीद करें: जिलाधिकारी

प्रतापगढ़।  जिलाधिकारी शम्भु कुमार की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय पर खरीफ विपणन वर्ष 2018-19 के अन्तर्गत कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें जिलाधिकारी ने धान खरीद की एजेण्डावार समीक्षा की गयी। बैठक में जिला खाद विपणन अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराये गये धान खरीद परिलेख दिनांक 20 दिसम्बर 2018 के अनुसार जनपद में विभिन्न क्रय संस्थाओं के कुल 55 क्रय केन्द्र स्थापित किये गये है जिसमें 52 केन्द्र क्रियाशील है।

  • जनपद हेतु शासन द्वारा धान खरीद का लक्ष्य 60900 मी0टन आवंटित किया गया है जिसके सापेक्ष तद्दिनांक तक 3906 कृषकों से कुल 17271.11 मी0टन धान क्रय किया गया है जो क्रय लक्ष्य का 28.36 प्रतिशत है।
  • क्रय धान का कुल समर्थन मूल्य रू0 3056.99 लाख के सापेक्ष 2577.24 लाख का भुगतान किया गया है तथा 479.25 लाख रू0 किसानों का भुगतान हेतु अवशेष है।
  • जिलाधिकारी द्वारा एजेन्सीवार समीक्षा की गयी जिसमें कल्याण निगम की कम खरीद पर नाराजगी व्यक्त करते हुये जिला प्रभारी के बैठक में उपस्थित न होने के सम्बन्ध में उनके विरूद्ध नोटिस जारी किया गया।
  • इसी प्रकार पी0सी0एफ0, यू0पी0एग्रो0 का 375.44 व 110.93 लाख रू0 भुगतान अवशेष होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गयी और 72 घण्टे के अन्दर निर्देशों का पालन किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
  • इसी प्रकार क्रय केन्द्रों पर डम्प धान को तत्काल सम्बद्ध चावल मिलों पर प्रेषित कराते हुये देय सी0एम0आर0 का सम्प्रदान भा0खा0निगम डिपो कराने हेतु निर्देशित किया गया।
केन्द्र प्रभारियों को प्रशिक्षित किया गया

इसके अतिरिक्त मुख्य रूप से शासन के निर्देशानुसार धान क्रय नीति में कतिपय संशोधन करते हुये हाईब्रिड धान की रिकवरी में 3 प्रतिशत छूट दिये जाने व हाईब्रिड धान की खरीद किये जाने के सम्बन्ध में केन्द्र प्रभारियों को प्रशिक्षित किया गया। बैठक में उपस्थित उप निदेशक कृषि व जिला कृषि अधिकारी द्वारा जनपद में बोयी जाने वाली शंकर प्रजाति के किस्मों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी।

किसानों को न हो कोई असुविधा

जिलाधिकारी ने कार्यशाला में उपस्थित समस्त केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि केन्द्र पर नियमानुसार कृषकों से हाईब्रिड एवं नान हाईब्रिड धान की खरीद करना सुनिश्चित करें तथा उसका लेखा-जोखा अलग सुरक्षित रखें और किसानों को कोई असुविधा न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) मनोज कुमार, उप कृषि निदेशक डा0 रघुराज सिंह, जिला कृषि अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह सहित धान क्रय केन्द्र के प्रभारी उपस्थित रहे।

 

[penci_related_posts taxonomies=”undefined” title=”UP NEWS” background=”” border=”” thumbright=”no” number=”6″ style=”grid” align=”none” displayby=”recent_posts” orderby=”random”]

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें