भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने प्रबुद्धजन सम्मेलन में कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में देश आतंकवाद एवं भ्रष्टाचार से मुक्त हुआ है। देश सतत् विकास पथ पर अग्रसर है इसके साथ ही मोदी जी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक मोर्चे पर भी उल्लेखनीय प्रगति की है। डा0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं0 दीन दयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पार्चन के साथ प्रारम्भ हुआ सम्मेलन। भाजपा प्रत्याशी कौशलेन्द्र सिंह पटेल को विजयी आशीर्वाद देने की अपील की।

डा0 पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश की आर्थिक स्थिति जर्जर हो चुकी थी जिसे सुधारने की जिम्मेदारी देश ने भाजपा को सौंपी, जिसे मोदी सरकार ने बखूबी निभाया। उन्होंने आगे कहा कि प्रबुद्धजन समाज अग्रणी होता हैं। राष्ट्र के विकास में बुद्धिजीवी वर्ग का महत्वपूर्ण योगदान होता है, जनजागरण बिना बुद्धिजीवियों के संभव नहीं हो सकता है।

ये भी पढ़ें : फैक्ट्रियों से निकली राख बनी मुसीबत

डा0 पाण्डेय ने कहा कि विपक्षी दलों कि सरकार में जनता ने भ्रष्टाचार को राष्ट्र की नियति मान लिया था, लेकिन देश में मोदी सरकार और प्रदेश में योगी सरकार ने भ्रष्टाचार को रोकने में कामयाबी हासिल की। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने अयोग्य लोगों को सर्वोच्च पद पर बैठाकर अपात्र और अपने लोगों को नौकरियां बांटी, जिसकी जांच भाजपा सरकार ने सीबीआई द्वारा कराने का आदेश निर्गत कर दिए है।
उन्होंने इलाहाबाद की जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि किसी भी तरह की कोई कमी कुम्भ में नहीं होने दी जाएगी और प्रयाग में होने वाले  कुंभ को ऐतिहासिक कुंभ बनाया जाएगा।

डा0 पाण्डेय ने कहा कि योगी सरकार ने कुम्भ के लिए 1500 करोड़ का बजट रखा, जिसे विपक्ष ने साम्प्रदायिक तक कह दिया। महाराज हर्षवर्धन के पहले और बाद में, यहां तक कि मुगलकाल में भी कुम्भ के लिए धन आवंटित हुआ है। कुम्भ भारतीय सांस्कृतिक, आध्यात्मिक संस्कृति का आधार है। कुम्भ के भव्य आयोजन के विरोध पर भाजपा की सख्त आपत्ति है। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी और सरकार इलाहाबाद सहित पूरे प्रदेश से मिले जनादेश का विकास के माध्यम से आप को सम्मान दे रही है। उन्होंने सड़क, पुल, उड़ान योजना, बिजली सहित उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियां जनता को बताई।

ये भी पढ़ें : होली के पर्व पर बेच रहे हैं मिलावटी सफेद मीठा जहर

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा मीडिया सेंटर पर प्रेसवार्ता में पत्रकारों से मुखातिब हुए। डा0 पाण्डेय ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की कार्यशैली में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जीरों टालरेंस है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी व योगी सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कोई कम्प्रोमाइज नहीं करती है। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ आगे भी कानून के तहत बड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पूर्व वित्तमंत्री पी. चिदम्बरम के बेटे कीर्ति चिदम्बरम की गिरफ्तारी पर पूॅछे प्रश्न पर डा0 पाण्डेय ने कहा कि बीजेपी की साफ सुथरी सरकार में उनका यह हश्र होना ही था।

 

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें