सपा ने संगठन में किया बदलाव :

आगामी लोकसभा चुनावों के पहले सपा ने अपने प्रकोष्ठ समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष फिदा हुसैन अंसारी को हटाकर पूर्व मंत्री और पीलीभीत निवासी रियाज अहमद को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। पूर्व मंत्री रियाज पीलीभीत से अपना पिछला लोकसभा चुनाव हार गए थे। वह 5 बार विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हरिद्वार सिंह को हटाकर इलाहाबाद के डॉ. मान सिंह यादव को नियुक्त किया गया है। समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ में जैदपुर (गाजीपुर) के विधायक सुभाष पासी की जगह सर्वेश अंबेडकर को इसका प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के खाली पड़े पद पर इटावा के दयाराम प्रजापति को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

लखनऊ संगठन में होगा बदलाव :

समाजवादी पार्टी ने राजधानी लखनऊ के 14 प्रकोष्ठों में जल्द नये चेहरे शामिल करने का फैसला किया है। लखनऊ में सपा महानगर अध्यक्ष ने बताया कि 28 फरवरी से 15 मार्च तक पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया को पूरी करने का आदेश सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिया हैं। सूत्रों के अनुसार, इस ऐलान के बाद से ही नगर प्रमुख महासचिव के पद को लेकर दावा होना शुरू हो गया है। नगर अध्यक्ष ने बताया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मेहनती, ईमानदार और लोकप्रिय सदस्यों को नगर कार्यकारिणी में जगह देने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों ने बताया कि विधानसभा और नगर निकाय चुनाव में भूमिका न निभाने वाले नेताओं की छुट्टी होना तय हो चुका है। उनकी जगह पर नए चेहरे शामिल होंगे जिससे पार्टी को मजबूती मिल सके।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें