अखिलेश कर रहे 2019 की तैयारी :

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि वे आने वाले लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं उनके पिता मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से चुनाव लड़ेंगे। हालाँकि वर्तमान समय में मुलायम सिंह यादव आजमगढ़ सीट से लोकसभा सांसद हैं। वर्तमान में कन्नौज से अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव सांसद हैं। डिंपल से पहले इस सीट पर समाजवादी पार्टी के जाने-माने नेता जनेश्वर मिश्र चुनाव लड़ा करते थे। अखिलेश ने कहा कि कन्नौज जनेश्वर मिश्र जी की सीट रही है इसलिए मैं चाहता हूं कि मुझे भी वहीं से लड़ने का मौका मिले।

सपा नेता ने दिया इस्तीफ़ा :

मिर्जापुर नगर पालिका परिषद के पूर्व कार्यवाहक चेयरमैन रहे राजेश्वर सिंह यादव उर्फ़ राजू ने आज समाजवादी पार्टी से इस्तीफ़ा देकर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की पार्टी अपना दल (एस) को ज्वाइन कर लिया है। प्रतापगढ़ के लक्ष्मी सदन में आयोजित अपना दल के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने राजेश्वर सिंह यादव को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान मौजूद छानबे विधायक राहुल प्रकाश कोल ने कहा कि इससे पार्टी का संगठन और ज्यादा मजबूत होगा। इसके पहले भी कई सपा नेता पार्टी छोड़ कर भाजपा सहित कई अन्य पार्टियों में जा चुके हैं। 2019 के पहले पार्टी से नेताओं का जाना सपा पर कैसे असर डालता है, इसकी चर्चा चारों तरफ है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें