राजधानी में महिलाएं कहीं भी और किसी हद तक महफूज नहीं हैं। आमजन तो आमजन यहां शहर में महिला पत्रकारों समेत महिला पुलिसकर्मी भी शोहदों और मनचलों के निशाने पर हैं। ऐसा ही एक मामला सोमवार रात अलीगंज थाना क्षेत्र में हुआ। यहां एक प्रतिष्ठत दैनिक अखबार की वरिष्ठ महिला पत्रकार पर कुछ शोहदों ने फब्तियां कसी। विरोध करने पर शोहदों ने गाली-गलौच करते हुए उन पर हमला बोल दिया। फिलहाल इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने धारा 354/323/504/506 भादवि में मामला दर्ज कर अभियुक्त समीर सिंह पुत्र जयप्रकाश सिंह निवासी जगधरा थाना पकड़ी जिला बलिया को गिरफ्तार कर लिया।

यह है पूरा मामला

  • जानकारी के मुताबिक, अलीगंज में रहने वाली रीना (काल्पनिक नाम) राजधानी से प्रकाशित एक प्रतिष्ठित अखबार में वरिष्ठ पत्रकार के पद पर कार्यरत हैं।
  • सोमवार रात वह ड्यूटी पूरी करने के बाद कार्यालय से अपने घर कार से वापस आ रही थीं।
  • तभी महानगर के निशातगंज से कार सवार तीन शोहदों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
  • इस दौरान मनचले कहीं उनकी गाड़ी के पीछे जबरन हॉर्न बजाने लगे।
  • तो कहीं गाड़ी बगल में लगाकर फब्ती कसने लगे।
  • पहले तो वह शोहदों को नजरअंदाज करती रहीं। इससे मनचलों के हौसले बढ़ गए।
  • अलीगंज के कपूरथला के आगे महिला पत्रकार ने अपनी कार रोक दी।
  • इस दौरान मनचलों ने भी अपनी गाड़ी रोक दी।
  • इसके बाद महिला पत्रकार ने विरोध किया तो शोहदे गाली-गलौच पर उतर आये और उन पर हमला बोल दिया।
  • पीड़िता ने 100 नंबर पर सूचना की तो मनचले फरार हो गए।
  • पीड़ित महिला पत्रकार ने इस संबंध में मामला दर्ज करवाया है।
  • इंस्पेक्टर अलीगंज मधुकांत मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर शोहदों की तलाश शुरू कर दी है।
  • पुलिस ने बताया कि एक शोहदे को अलीगंज इलाके से पकड़ा गया जिसको एसएसपी कमांड कार्यालय ले जाया गया।
  • यहां इस अभियुक्त की महिला पत्रकार से पहचान कराई गई इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें