राजधानी लखनऊ के चिनहट के बाद काकोरी में पड़ी डकैती की घटना को लेकर विपक्ष ने योगी सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से अपराध संभल नहीं रहे हैं। समाजवादी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि योगी सरकार से उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है। प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। खुलेआम डकैती, लूट और हत्या को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में शनिवार रात हुई भयानक डकैती से जनता डरी हुई है।

काकोरी में डकैती के दौरान एक की हत्या, 50 से 60 राउंड फायरिंग

प्रदेश में कानून नहीं, चल रहा डकैतों का राज

वहीं कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता जीशान हैदर ने योगी सरकार हर हमला बोलते हुए कहा कि लखनऊ में कानून नहीं, डकैतों का राज चल रहा है। लखनऊ पुलिस की नाक के नीचे डकैती हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार में अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आम आदमी पार्टी ने भी भाजपा की वर्तमान सरकार को आड़े हाथों लिया है।

काकोरी के दो गांवों में डकैती: ग्राम प्रधान के बेटे की गोली मारकर हत्या

गांवों में दहशत का माहौल

दोनों गावों में डकैती की वारदात से दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के चेहरे पर भय देखा जा सकता है। ग्रामीण इतना डरे हुए हैं कि घटना को बता तक नहीं पा रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि बदमाश कच्चा बनियान गिरोह के लग रहे थे। लेकिन रात के अंधेरे में पता नहीं चल सका। बताया ये भी जा रहा है कि बदमाश लक्जरी कारों से आये थे। घटना को अंजाम देने के बाद वह सभी गाड़ियों से फरार हो गए और पुलिस केवल खाक छानती रही।

आधे घंटे के अंतराल में दो गांवों के 5 घरों में डकैती

घटना नंबर एक- जानकारी के मुताबिक, करीब दो दर्जन असलहों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने काकोरी के बनियाखेड़ा गांव में शनिवार की रात करीब 2:00 बजे धावा बोला। डकैतों ने सबसे पहले गांव में जगत पाल के घर को निशाना बनाया। यहां बदमाशों ने घरवालों को असलहों की नोक पर बंधक बनाकर घर में रखे जेवर और नगदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने घरवालों को पीटकर घायल किया। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले इंद्रपाल और सुनील के घर भी लूटपाट की। बदमाशों ने इस गांव में करीब आधे घंटे तक तांडव किया और आसानी से फरार हो गए।

घटना नंबर दो- इसके बाद रात करीब 2:30 बजे बदमाशों का काफिला कटौली गांव पहुंचा। यहां बदमाशों ने फूलचंद के घर पर धावा बोला और घटवालों को पीटकर जेवर गहने और नगदी लूट ली। फिर बदमाशों ने गांव के ही पुत्ती लाल के घर लूटपाट की। इस दौरान ग्रामीण जाग गए और शोर करने लगे। ये सुनकर गांव के प्रधान हरिशंकर यादव का 20 वर्षीय बीटा अभिषेक यादव उर्फ कोमल यादव गांव के बाहर की तरफ भागा। उसे भागता देख गांव के बाहर खड़े बदमाशों ने उसे गोली मार दी इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस

ग्रामीणों के मुताबिक, बदमाशों ने विरोध और फायरिंग के जबाव में करीब 50 से 60 राउंड की फायरिंग की। डकैती की सूचना के बाद एसएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए लेकिन काकोरी थानेदार सोते रहे। एसएसपी ने रात में ही सर्च अभियान चलाया लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है। इस सनसनीखेज डकैती की वारदात में गोली लगने और बदमाशों की पिटाई से करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, इन सभी का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल था है। वहीं ग्राम प्रधान के बेटे की मौत से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें