2019 के लोकसभा चुनावों की समाजवादी पार्टी ने तैयारियाँ शुरू कर दी है। इसके लिये सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अब उत्तर प्रदेश से बाहर निकल कर पार्टी संगठन को बढ़ाना शुरू कर दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव खुद इन दिनों मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं जहाँ पर वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे एक कद्दावर नेता को अखिलेश यादव ने बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है जिसके बार नए चर्चाएँ शुरू हो गयी हैं।

पूर्व मंत्री को दी जिम्मेदारी :

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा नेता व पूर्व मंत्री आनंदसेन यादव को अण्डमान निकोबार द्वीप का प्रभारी व समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव जयसिंह राणा को नियुक्त किया है। मीडिया में ये जानकारी सपा प्रवक्ता ओम प्रकाश ओमी ने दी है। सपा प्रवक्ता ने बताया कि पूर्व मंत्री आनन्दसेन यादव व समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव जयसिंह राणा को सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पत्र देकर अंडमान और निकोबार द्वीप का प्रभारी नियुक्त कर दिया है। दोनों नेताओं को पार्टी के संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा तथा पार्टी के विकास की सम्भावनाओं का अध्ययन करने हेतु अधिकृत किया गया है।

अखिलेश यादव को सौंपेंगे रिपोर्ट :

सपा प्रवक्ता ने बताया कि पूर्व मंत्री आनन्दसेन यादव 16 मई को लखनऊ एयरपोर्ट से कोलकाता के लिये दोपहर 12.30 बजे रवाना होंगे और रात्रि विश्राम कोलकाता में करेंगे। 17 मई को कोलकाता से अण्डमान निकोबार द्वीप के लिये प्रातः 7.00 बजे हवाई जहाज से रवाना होंगे और तीन दिवसीय 17, 18 व 19 मई को दोनों नेता पार्टी के विकास की सम्भावनाओं का अध्ययन करेंगे। उनके साथ अण्डमान निकोबार द्वीप के सपा प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश शुक्ला रहेंगे। सपा प्रवक्ता ने बताया कि दोनों नेता पोर्ट ब्लेयर स्थित होटल में रूकेंगे। 3 दिवसीय दौरे से लौटने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके सौंपेंगे।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें