राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में बाइक सवार किसान को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किसान घायल हो गया। आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी, तो वह मौके पर पहुंची। लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। वहीं बाजारखाला में एक व्यक्ति सड़क पार कर रहा था, जिसे बाइक ने टक्कर मार दी। घायल को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, उन्नाव निवासी सब्रजीत सिंह (35) शनिवार को राजधानी आया था। जहां से वह शाम होते वापस लौट रहा था। पारा के खुशहालगंज के जब वह पहुंचा तो उसे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घायल सब्रजीत को लोगों ने पुलिस की मदद से लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। सब्रजीत के परिवार में पत्नी गोल्डी व एक बेटा है।

इसके अलावा बाजारखाला के भदेवां निवासी मोहम्मद रफीक (45) शनिवार को करीब 6 बजे के आसपास नमाज पढ़कर निकले और कोतवाली बाजारखाला के सामने सड़़क पार करने लगे। उसी दौरान उन्हें तेज रफ़्तार बाइक ने ठोकर मार दी। हादसे में रफीक बुरी तरह से चोटिल हो गये। लोग उन्हें आनन-फानन अस्पताल लेकर भागे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रफीक पेशे से जरदोजी का काम करते थे।

फर्नीचर के गोदाम में लगी आग

राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में घर के अंदर बने फर्नीचर के गोदाम में अचानक आग लग गयी। गोदाम के अंदर मौजूद कारीगर अपने को बचाकर बाहर भाग खड़े हुए। किसी ने सूचना पुलिस को दी तो वह दमकलकर्मियों संग मौके पर पहुंची। घण्टों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी के हताहत की सूचना नहीं मिली है, वहीं आग लगने का कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका है।

ठाकुरगंज के सरायमाली खां निवासी इरफान सिद्दीकी ने बताया कि उनके घर के बेसमेंट में फर्नीचर का गोदाम बना हुआ है। जहां से फर्नीचर तैयार कर दुकान भेजा जाता है। रविवार को कारीगर काम कर रहे थे। अचानक गोदाम से आग के शोले उठने लगे। जब तक कोई कुछ समझ पाता उससे पहले आग ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया। किसी तरह से कारीगर वहां से भाग खड़े हुए।

सूचना पुलिस को दी तो वह दमकलकर्मियों संग मौके पर पहुंची। घण्टों की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। इरफान ने बताया कि गोदाम में लकड़ी, फोम, स्टील का फर्नीचर के अलावा अन्य कीमती सामान रखा था, जो कि आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया। वहीं आग किन कारणों के चलते लगी इस बात का पता नहीं चल सका है। घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें