2019 के लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर कब्जा जमाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह खुद राज्य के दौरे कर रहे हैं और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इस बीच 1 भाजपा विधायक सीएम योगी को पत्र लिखकर समाजवादी पार्टी के लोकसभा सांसद की जमकर तारीफ कर दी थी। मीडिया में ये खबर आते ही हड़कम्प मच गया था। अब सपाइयों ने इस घटना का चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से भाजपा विधायक के पत्र के पोस्टर जगह-जगह लगा दिए हैं।

भाजपा विधायक ने लिखा था पत्र :

बदायूं से बीजेपी विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने सीएम योगी को पत्र लिखकर कहा था कि विधानसभा में आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए योजनाएं लाइए वरना बीजेपी उम्मीदवार के लिए 2019 के लोकसभा चुनाव को जीतना कठिन हो जाएगा।। पत्र में उन्होंने आगे लिखा है कि बदायूं जनपद देश व प्रदेश के अतिपिछड़े जनपदों में से एक है। बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मेंद्र यादव वर्ष 2009 से हैं। 2012 में सपा सरकार बनने के बाद सांसद धर्मेंद्र यादव ने बदायूं में राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थापित कराया था जो निर्माणाधीन है। भाजपा विधायक महेश गुप्ता ने यह पत्र सीएम योगी को मार्च महीने में लिखा था।

 

ये भी पढ़ें: नूरपुर उपचुनाव: सपा के कई बड़े नेताओं ने की टिकट के लिए दावेदारी

 

सपाइयों ने लगाये पोस्टर :

भाजपा विधायक ने पत्र में कहा था कि सांसद धर्मेंद्र यादव ने बदायूं को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए ओवरब्रिज एवं बाइपास स्वीकृत कराया था। बरेली से बदायूं तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराया गया। जनपद के कई मार्गों को राज्य मार्ग का दर्जा दिलाया गया। कई डिग्री कॉलेज स्थापित कराए गए। दो नए विकास खंड सृजित कराए गए। राजकीय पॉलिटेक्निक बदायूं में राजकीय इंजिनियरिंग कॉलेज की स्थापना का भी प्रयास उनके द्वारा किया गया। समाजवादी पार्टी ने अब भाजपा विधायक के इस पत्र का लाभ लेने की तैयारी कर ली है। सपा कार्यकर्ताओं ने पूरे बदायूं जिले में इस पत्र के पोस्टर बनाकर चिपका दिए हैं और आने-जाने वाले लोग भाजपा विधायक की सपा सांसद के लिए की गई तारीफ पढ़ रहे हैं।

 

ये भी पढ़ें: सांसद रेखा वर्मा ने नहीं किया जन चौपाल के बाद रात्रि प्रवास

UTTAR PRADESH NEWS की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें